वाशिंगटन , मार्च 18 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध "ज्यादा लंबा नहीं चलेगा," लेकिन उन्होंने इसके समाप्त होने की कोई स्पष्ट समयसीमा बताने से इंकार किया है जिससे अमेरिकी रणनीति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

श्री ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस संघर्ष को एक संक्षिप्त "अभियान" बताया और संकेत दिया कि यह "कुछ हफ्तों" में समाप्त हो सकता है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि वह बीते समय की बात कर रहे थे या आने वाले समय की। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका "अभी हटने के लिए तैयार नहीं" है, लेकिन "बहुत जल्द" वापसी कर सकता है।

श्री ट्रंप ने युद्ध के बाद की योजनाओं पर पूछे जाने पर केवल सामान्य रूपरेखा दी और कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहेगा कि संघर्ष के बाद ईरान "ठीक से संचालित" हो। श्री ट्रंप ने वरिष्ठ ईरानी नेताओं की हत्या पर टिप्पणी करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि इससे कूटनीति जटिल हो गयी है और "हमें नहीं पता कि बातचीत किससे करें।" नाटो को लेकर अपनी आलोचना दोहराते हुए श्री ट्रंप ने सहयोगियों द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अमेरिकी नेतृत्व वाले प्रयास का समर्थन न करने पर नाराजगी जताई और यूरोपीय देशों के रुख को "बहुत बड़ी गलती" बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित