मुंबई , अप्रैल 01 -- ईरान युद्ध जल्द समाप्त होने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में जबरदस्त तेजी देखी गयी और बीएसई के सेंसेक्स 1,900 अंक से ज्यादा उछल गया।
सेंसेक्स 1,814.88 अंक की बढ़त के साथ 73,762.43 अंक पर खुला और कुछ ही देर में पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में करीब 1,969 अंक ऊपर 73,916 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 1,648.46 अंक (2.29 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 73,596.01 अंक पर था।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड बुधवार रात (भारतीय समय के अनुसार गुरुवार सुबह) राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। उनके हालिया बयानों से निवेशकों को उम्मीद है कि वह ईरान युद्ध जल्द समाप्त करने की घोषणा कर सकते हैं। इससे वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 567.60 अंक चढ़कर 22,899 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 505.35 अंक यानी 2.26 प्रतिशत की बढ़त में 22,836.75 अंक पर था।
सभी सेक्टरों में लिवाली का जोर है। आईटी, बैंकिंग, ऑटो, वित्त, धातु, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी में हैं।
सेंसेक्स की भी सभी कंपनियां इस समय हरे निशान में हैं। सबसे ज्यादा मजबूती ट्रेंट, बीईएल, अडानी पोर्ट्स, इंडिगो, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टीसीएस, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी के शेयरों देखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित