तेहरान , सितंबर 06 -- ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबफ ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि उनके देश पर भविष्य में होने वाले किसी भी हमले का 'तेज, ताकतवर और ज्यादा दर्दनाक' जवाब दिया जायेगा।
श्री गालिबफ ने रविवार को एक संसद सत्र के दौरान कहा कि ईरान हमले के अनुरूप जवाब देने के सिलसिले से आगे बढ़ चुका है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर ईरान के हालिया हमले जवाबी कार्रवाई का सिर्फ पहला कदम हैं। उन्होंने अमेरिका पर युद्ध की झूठी तस्वीरें बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के नेता सैन्य मोर्चे पर हारने के बाद झूठे प्रचार और मनोवैज्ञानिक पैतरों का सहारा ले रहे थे।
इस बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूध्य के 'अनाधिकृत' रास्ते से गुज़रने वाले तीन अमेरिका-संबंधी जहाज़ों पर हमला किया था।
आईआरजीसी ने फार्स प्रांत में आठ लोगों को गिरफ्तार करने की घोषणा भी की। इन आठ लोगों पर ईरान के पूर्व शाह के बेटे रज़ा पहलवी का समर्थन करने का आरोप है।
दूसरी ओर, इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) में ईरान के मिशन ने अमेरिकी सेना पर आरोप लगाया है कि वह एक ईरानी तेल टैंकर पर हुए हमले में आम नागरिकों की मौत की ज़िम्मेदारी से बच रही है। ईरान ने इस हमले को "कायरतापूर्ण और गैर-कानूनी" बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित