मुंबई , मई 26 -- अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में गिरावट देखी गयी और इस दौरान बैंकिंग तथा वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 479.26 अंक (0.63 प्रतिशत) टूटकर 76,009.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी-50 सूचकांक भी 118 अंक यानी 0.49 प्रतिशत नीचे 23,913.70 अंक पर आ गया। पिछले दो कारोबारी दिवस बाजार में तेजी रही थी। सुबह गिरावट में खुलने के बाद कुछ देर के लिए दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में गये थे, लेकिन दोपहर बाद बिकवाली होने से फिर लाल निशान में लुढ़क गये।

अमेरिका ने सोमवार रात ईरान पर फिर हमले किये हैं। इससे बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हुई है। रुपये में 50 पैसे से ज्यादा की गिरावट ने भी बाजार पर दबाव बनाया। भारतीय मुद्रा फिलहाल 51 पैसे टूटकर 95.77 रुपये प्रति डॉलर पर है। वृहत बाजार में मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में बढ़त रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.51 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.35 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। बैंकिंग, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी सेक्टरों में गिरावट रही जबकि धातु और रसायन सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही।

एनएसई में जिन 3,425 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,652 के शेयर हरे निशान में और 1,646 के लाल निशान में रहे। अन्य 127 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर गिर गये। भारती एयरटेल का शेयर 1.51 प्रतिशत उतर गया। ट्रेंट में 1.40, टीसीएस में 1.35, बजाज फाइनेंस में 1.25, टाइटन में 1.24, एचडीएफसी बैंक में 1.03, एचडीएफसी बैंक तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा में एक-एक प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 0.96 और एक्सिस बैंक में 0.93 प्रतिशत की गिरावट रही।

पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल, बजाज फिनसर्व, इंडिगो और एशियन पेंट्स के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टेक महिंद्रा का शेयर 1.66 प्रतिशत चढ़ा। इटरनल में 0.99 प्रतिशत की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी बढ़त में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.25 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.17 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.03 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.45 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.51 प्रतिशत की तेजी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित