, Jan. 29 -- तेहरान, 29 जनवरी (वार्ता/शिन्हुआ) ईरान ने गुरुवार को कहा कि उसने अपनी सैन्य इकाइयों में देश में बने एक हजार 'लड़ाकू" ड्रोन शामिल किये हैं।

ईरान की अर्ध-सरकारी तसनीम समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सेना प्रमुख अमीर हातेमी के आदेश पर थल सेना, नौसेना और वायु सेना को ये लड़ाकू ड्रोन दिये गये हैं। इन ड्रोनों को सेना के विशेषज्ञों और रक्षा मंत्रालय ने मिलकर बढ़ते खतरों से निपटने और पिछले साल इज़रायल के साथ हुए "12-दिवसीय युद्ध" से मिले सबक को देखते हुए विकसित किया गया है। ये ज़मीन, समुद्र और हवा में तय या चलते-फिरते लक्ष्यों पर हमला करने, घुसपैठ, विनाश, जासूसी, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध करने में सक्षम हैं।

श्री हातेमी ने कहा कि भविष्य के खतरों को देखते हुए सेना ने अपनी रणनीति को मजबूत करने को प्राथमिकता दी है ताकि तेज़ी से सैन्य अभियान चलाए जा सकें और किसी भी हमले का "करारा" जवाब दिया जा सके। इस हफ़्ते की शुरुआत में अमेरिका द्वारा मध्य पूर्व में एक कैरियर-नेतृत्व वाले स्ट्राइक ग्रुप की तैनाती के बाद यह आपूर्ति की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित