तेहरान , मई 10 -- ईरान की खुफिया एजेंसियों ने रविवार को दावा किया कि उन्होंने अज़रबैजान प्रांत के उत्तर-पश्चिमी में सक्रिय इज़रायल की जासूसी एजेंसी मोसाद से जुड़े दो गुप्त गुटों (सेल्स) को खत्म कर दिया है।
इस कार्रवाई को "आतंकवाद-रोधी अभियान" बताते हुए ईरान की खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान गुट का एक सदस्य गोलीबारी में मारा गया, जबकि बाकी संदिग्धों को कोई भी हमला करने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया।
ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि इससे संकेत मिलता है कि अभियान के समय ये गुट अभी भी तैयारी के चरण में थे । अधिकारियों ने दावा किया कि ये गुट कथित तौर पर "ईरान की राजधानी में संवेदनशील ठिकानों पर हमले करने और ईरान के उच्च-स्तरीय अधिकारियों की हत्या करने" की योजना बना रहे थे।
खुफिया मंत्रालय ने कहा कि उसने नियोजित हमलों को पहले ही रोकने के उद्देश्य से चलाए गए जासूसी-रोधी अभियानों के माध्यम से इस नेटवर्क को निष्क्रिय कर दिया। उसने मोसाद से जुड़े इन व्यक्तियों को "आतंकवादी" बताया और कहा कि उन्हें कोई भी कार्रवाई करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
ईरानी खुफिया एजेंसी ने कहा कि इन गुटों को खत्म करने का यह अभियान कई प्रांतों में चलाया गया। पहले गुट को ( जिसे खुफिया मंत्रालय ने चार सदस्यों वाली एक सक्रिय इकाई बताया है) ईरान के अज़रबैजान में पहचाना गया और उसे खत्म कर दिया गया। दूसरा गुट अल्बोर्ज़ और केरमान प्रांतों में पकड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित