, Sept. 7 -- मॉस्को, 07 सितंबर (स्पूतनिक) ईरान ने अमेरिका पर होर्मुज जलडमरूमध्य में माल ढुलाई और जहाजों की आवाजाही में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग समुद्री यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
गौरतलब है कि ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने आरोप लगाया है, जबकि सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने पहले कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य माल ढुलाई के लिए पूरी तरह से बंद है। श्री बघाई ने सोशल मीडिया पर लिखा, " होर्मुज जलडमरूमध्य 28 फरवरी तक पूरी तरह खुला था, जब तक कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला नहीं किया था। वाशिंगटन ने इस क्षेत्र में एक गैर-कानूनी और बर्बर युद्ध शुरू किया और माल ढुलाई की आवाजाही को बाधित किया। टैंकर रोक दिये गये हैं, व्यापार बाधित हो रहा है और ऊर्जा सहित चीजों की कीमतें बढ़ रही हैं। "प्रवक्ता के अनुसार अमेरिका अब अपनी ही हरकतों के नतीजों की कीमत दुनिया से वसूलने की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले ईरानी प्रसारक 'प्रेस टीवी' की रिपोर्ट के अनुसार ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा था कि इस्लामिक गणराज्य जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर एक प्रतिबंधित क्षेत्र बनाने की घोषणा करेगा। श्री रेजाई के अनुसार ईरानी अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज को ईरान की प्रतिबंधित सूची में डाल दिया जाएगा। रॉयटर्स ने जहाज ट्रैकिंग डेटा का हवाला देते हुए बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में माल ढुलाई मई के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गयी है। एजेंसी ने कहा कि पिछले 10 दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल ले जाने वाले औसतन 10 जहाज प्रतिदिन गुजरे हैं, जो मई के बाद से सबसे कम स्तर पर है। केप्लर डेटा का हवाला देते हुए कहा गया कि शुक्रवार को 15 माल ढोने वाले जहाज, शनिवार को 13 जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजरे और रविवार को यातायात घटकर 10 रह गया। अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने स्वीकार किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से मौजूदा तेल यातायात, ईरान पर अमेरिकी हमलों से पहले की तुलना में कम है।
इससे पहले अमेरिका की ओर से कहा गया था कि अमेरिकी बलों ने खार्ग द्वीप, जास्क क्षेत्र और ओमान की खाड़ी के पास तीन ईरानी तेल टैंकरों पर हमला किया था। ईरानी बलों ने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका से जुड़े तीन तेल टैंकरों पर हमला किया और बाद में रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी कि आईआरजीसी ने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और विध्वंसक पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित