वॉशिंगटन , अप्रैल 29 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के साथ युद्धविराम, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और परमाणु वार्ता को फिलहाल टालने संबंधी संशोधित ईरान के प्रस्ताव की समीक्षा के बीच कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि उसे (ईरान) बहुत जल्द समझदार बनना होगा।
श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान अपनी स्थिति संभाल नहीं पा रहा। उन्हें गैर-परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करना नहीं आता। उन्हें जल्द समझदार बनना होगा।" उन्होंने पोस्ट के साथ एक व्यंग्यात्मक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह हथियार लिए हुए दिखाई दिए और "नो मोर मिस्टर नाइस गे" जैसे संदेश के साथ "गैर-परमाणु समझौते" का उल्लेख किया। इसे वार्ता में जारी गतिरोध पर अमेरिकी निराशा के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
श्री ट्रंप ने हालांकि खुले तौर पर यह नहीं कहा है कि वह ईरान के प्रस्ताव को नकार रहे हैं, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों और मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वह इस योजना से खुश नहीं हैं और इसे शायद ही स्वीकार करेंगे।
रिपोर्टों के अनुसार ईरान के प्रस्ताव में पहले युद्धविराम लागू करने, होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और बाद में परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत करने की बात कही गयी है, जबकि अमेरिका की प्राथमिकता शुरुआत से ही परमाणु मुद्दे को समझौते के केंद्र में रखना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित