बुर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड) , जून 22 -- अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच प्रत्यक्ष वार्ता के पहले दौर में "अच्छी प्रगति" हुई है और इससे भविष्य की बातचीत के लिए एक मजबूत आधार तैयार हुआ है।

श्री वेंस ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "अंतिम समझौता एक घर की तरह है। हमने उसकी नींव रख दी है। अभी घर तैयार नहीं हुआ है, लेकिन हम एक अच्छे समझौते की दिशा में सफल शुरुआत कर चुके हैं।"उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान अमेरिका के तीन प्रमुख उद्देश्यों पर प्रगति हुई। पहला, होर्मुज जलडमरूमध्य को वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला रखने की व्यवस्था विकसित करना। दूसरा, क्षेत्रीय युद्धविराम, विशेषकर लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्ला के बीच संघर्ष को नियंत्रित करने के लिए एक समन्वय तंत्र तैयार करना। तीसरा, आने वाले दिनों में जारी रहने वाली तकनीकी वार्ताओं का ढांचा तैयार करना।

श्री वेंस ने कहा कि लेबनान में पिछले 24 घंटे युद्ध शुरू होने के बाद सबसे शांतिपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल और हिज्बुल्ला के बीच युद्ध ने कई बार अमेरिका-ईरान समझौते की दिशा में प्रयासों को जटिल बनाया है।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी रविवार की बातचीत को फ़ायदेमंद बताया और बातचीत के पहले दौर के बाद "अच्छी प्रगति" की जानकारी दी।

अमेरिका-ईरान बातचीत और लेबनान में चल रहे संघर्ष के बीच संबंध पर बात करते हुए, श्री वेंस ने स्थिति को "मुर्गी-अंडे वाली समस्या" जैसा बताया। उन्होंने संकेत दिया कि कुछ घटनाएं शायद वरिष्ठ नेतृत्व के फैसलों के बजाय निचले स्तर की कार्रवाइयों की वजह से हुई हों।

उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान ऐसा तंत्र तैयार किया गया है जिससे स्थानीय स्तर की झड़पें बड़े संघर्ष में न बदलें। उन्होंने कहा, "इजरायल और अन्य सभी देशों को आत्मरक्षा का अधिकार है, लेकिन क्षेत्रीय तनाव को बढ़ने से रोकना भी उतना ही अहम है।"श्री वेंस ने कहा, "कई बार संघर्ष के बढ़ने से सभी पक्षों की सुरक्षा प्रभावित होती है। इसलिए हमने ऐसा तंत्र विकसित किया है जिससे तनाव नियंत्रण से बाहर न जाये।"उन्होंने कहा कि यदि हिज्बुल्ला इजरायल पर हमला करता है या इजरायल जवाबी कार्रवाई करता है, तो दोनों पक्षों के बीच संवाद और समन्वय की व्यवस्था मौजूद रहेगी ताकि स्थिति को जल्द शांत किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित