वॉशिंगटन/तेल अवीव , मार्च 08 -- अमेरिका और इज़रायल ईरान के अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को कब्जे में लेने के लिए विशेष बलों की तैनाती की संभावना पर विचार कर रहे हैं।
समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार इस विषय पर दोनों देशों के बीच चर्चा हुई है। रिपोर्ट में मामले से परिचित चार सूत्रों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध उद्देश्यों में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना शामिल है और इसके लिए ईरान के पास मौजूद करीब 450 किलोग्राम (लगभग 992 पाउंड) 60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम को कब्जे में लेना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा अभियान संभवतः युद्ध के बाद के चरण में चलाया जा सकता है, जब अमेरिका और इज़रायल यह आकलन कर लें कि ईरान की सेना प्रभावी प्रतिरोध करने की स्थिति में नहीं है।
अमेरिका और इज़रायल द्वारा पिछले वर्ष जून में ईरान के परमाणु ठिकानों और बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाने के बाद से इस यूरेनियम भंडार की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित