वॉशिंगटन , अप्रैल 15 -- अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ पांच सूत्रीय महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें उन पर सत्ता के दुरुपयोग, युद्ध अपराध और ईरान में सैन्य अभियानों चलाने सहित कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं।

एक्सियोस' की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिनिधि यास्मीन अंसारी के नेतृत्व में लाए गए इस प्रस्ताव को आठ अन्य डेमोक्रेटिक सांसदों का समर्थन प्राप्त है, जिनमें स्टीव कोहेन, जैस्मीन क्रॉकेट, निकेमा विलियम्स, दीना टाइटस, डेविड मिन, श्री थानेदार, ब्रिटनी पेटर्सन और सारा मैकब्राइड शामिल हैं।

रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली कांग्रेस में इस प्रस्ताव के पारित होने की संभावना न के बराबर है, लेकिन इसे पेंटागन पर राजनीतिक दबाव बढ़ाने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट सदस्यों की घेराबंदी करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

सात पन्नों के इस प्रस्ताव के पहले अनुच्छेद में श्री हेगसेथ पर कांग्रेस की अनिवार्य मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ 'अनधिकृत युद्ध' शुरू करने और संवैधानिक प्रक्रियाओं की अनदेखी कर अमेरिकी सैन्य कर्मियों को जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है। दूसरे अनुच्छेद में उन पर सशस्त्र संघर्ष के कानूनों के उल्लंघन का आरोप है, जिसमें कहा गया है कि उनके कार्यकाल में ऐसी सैन्य कार्रवाइयां हुईं जिनसे ईरान में एक बालिकाओं के स्कूल सहित अन्य नागरिक बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा और आम नागरिक हताहत हुए।

प्रस्ताव में 'सिग्नलगेट' विवाद का भी उल्लेख किया गया है, जिसके तहत रक्षा मंत्री पर संवेदनशील सैन्य सूचनाओं के प्रबंधन में लापरवाही बरतने का आरोप है। सांसदों के अनुसार एक पत्रकार को अनजाने में उस निजी मैसेजिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया था जहां वरिष्ठ अधिकारी सैन्य अभियानों की चर्चा कर रहे थे, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा था।

इसके अतिरिक्त, श्री हेगसेथ पर विधायी निगरानी में बाधा डालने और अपने निर्णयों से अमेरिकी सेना की साख को ठेस पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित