तेहरान/यरूशलम , मार्च 15 -- ईरान पर अमेरिका-इजरायल गठबंधन के हमले कारण शुरू हुए युद्ध के 16वें दिन रविवार तड़के अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सेना ने ईरान के बड़े इस्फहान शहर पर जबरदस्त हवाई हमले किए। इन हमलों में एक फैक्ट्री को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों के मारे जाने की खबर है।

ईरानी शहर इस्फहान पर हमले के कुछ ही घंटों बाद, ईरान ने इजरायल के मध्य और दक्षिणी हिस्सों पर मिसाइलों की बौछार कर दी। रविवार को पूरे इजरायल में सायरन बजते रहे। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने इन हमलों में क्लस्टर युद्ध सामग्री का उपयोग किया है, जिससे इजरायल के हवाई रक्षा तंत्र पर दबाव बढ़ गया है। ईरान ने दावा किया कि उसने पुलिस मुख्यालय और सेटेलाइट संचार केंद्र को निशाना बनाया है। इजरायल की राजधानी तेल अवीव में रॉकेट से हुए हमले में चार लोग घायल हो गए हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यह युद्ध तभी समाप्त होगा जब ईरान को भविष्य में दोबारा हमले न होने की "पूर्ण गारंटी" मिलेगी। हालांकि, ओमान और मिस्र की मध्यस्थता की कोशिशों के बावजूद, न तो ईरान और न ही अमेरिका युद्धविराम के लिए तैयार दिख रहे हैं।

ईरान की सुप्रीम राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी ने आशंका जताई है कि यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन गैंग के लोग ईरान को फंसाने की मंशा की से नौ सितबंर जैसे हमले को अंजाम दे सकते हैं। जबकि ईरान किसी तरह की आतंकी कार्रवाई का समर्थन नहीं करता।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को "खोज निकालने और मार गिराने" की खुली धमकी दी है और यूक्रेन को भी निशाना बनाने का इरादा जाहिर किया है।

ईरान ने यह भी बताया कि इस जंग में उनके देश में अब तक 200 से अधिक बच्चे और 223 महिलाओं की मौत हो गयी है। इजरायल ने बाया तक कि बीते 24 घंटों में 100 से अधिक उसके नागरिक घायल हुए हैं।

लेबनान में इजरायल ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटों में बेरुत के रिहायशी और रणनीतिक इलाकों में 110 से अधिक हिजबुल्लाह कमांड सेंटरों को निशाना बनाने का दावा किया गया है। इजरायली हमलों में अब तक लेबनान में 820 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें कई स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना के जमीनी विस्तार की खबरें भी सामने आ रही हैं।

इसके अलावा बहरीन में पांच लोगों को ईरान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। ईरान की ओर से भी इजरायल को सूचना भेजने के आरोप में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यूएई ने दावा किया है कि उसने चार बैलिस्टिक मिसाइलों और छह ड्रोनों से हुए हमले को नाकाम कर दिया है। बहरीन ने एक दावे में कहा कि उसने इस जंग के प्रारंभ होने के बाद से 125 मिसाइलें, 211 ड्रोनों को गिराने में सफलता हासिल की है। सऊदी अरब ने भी चार ड्रोन गिराने का दावा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित