वाशिंगटन , अप्रैल 21 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के परमाणु स्थलों से सामग्री निकालना 'लंबी और कठिन प्रक्रिया' होगी।
श्री ट्रंप ने दावा किया कि 'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' के तहत ईरान के परमाणु स्थलों को 'पूरी तरह नष्ट' कर दिया गया है और वहां मौजूद समृद्ध यूरेनियम को निकालना आसान नहीं होगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अमेरिकी मीडिया की आलोचना करते हुए कहा कि वह अमेरिकी पायलटों कोउनके योगदान का श्रेय देने में विफल रहा है और लगातार उनकी उपलब्धियों को कम करके दिखाता है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है और 10 दिन का अस्थायी युद्धविराम 22 अप्रैल को समाप्त होने वाला है।
'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' 22 जून 2025 को किया गया अमेरिकी सैन्य अभियान था, जिसमें ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्रों फोर्दो, नतांज और इस्फहान को निशाना बनाया गया था। इस ऑपरेशन में बी-2 स्टेल्थ बमवर्षक, टॉमहॉक मिसाइलें और अन्य उन्नत सैन्य संसाधनों का उपयोग किया गया था।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को गंभीर क्षति पहुंची और इसे काफी पीछे धकेल दिया गया, हालांकि नुकसान के वास्तविक स्तर को लेकर अलग-अलग आकलन सामनेआये हैं।
श्री ट्रंप ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब दोनों देशों के बीच संभावित शांति वार्ता की तैयारी चल रही है, लेकिन जमीनी हालात अभी भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित