इस्लामाबाद , मार्च 10 -- ईरान में तेल रिफाइनरियों और डिपो पर हुए हालिया अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों का असर अब पड़ोसी देश पाकिस्तान के पर्यावरण पर भी पड़ने की आशंका है।

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग ने एक विशेष बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है कि ईरान से आने वाली हवाएं जहरीले प्रदूषक तत्वों को लेकर पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों में प्रवेश कर सकती हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, "ईरान की वर्तमान स्थिति के कारण हवाएं प्रदूषकों को देश के पश्चिमी क्षेत्रों तक ले जा सकती हैं।" विभाग ने 12 मार्च तक पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान की सीमा से सटे बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के इलाकों में यह हवाएं पहुँचती हैं, तो वहाँ स्मॉग और जहरीले कणों का स्तर बढ़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि तेहरान में तेल केंद्रों पर बमबारी के बाद पूरी राजधानी काले धुएं की मोटी चादर में लिपटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और पत्रकारों ने तेहरान की हवा को 'बेहद जहरीला' बताया है। ईरानी रेड क्रेसेंट सोसाइटी ने भी चेतावनी दी है कि इन हमलों से भारी मात्रा में जहरीले हाइड्रोकार्बन, सल्फर और नाइट्रोजन ऑक्साइड का उत्सर्जन हुआ है, जो फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुँचा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित