वॉशिंगटन/तेहरान , मार्च 06 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और इज़रायल ऐसे किसी उत्तराधिकारी को स्वीकार नहीं करेंगे जो दिवंगत नेता अली खामेनेई की नीतियों को जारी रखे।

रिपोर्टों के अनुसार श्री ट्रंप ने कहा है कि ईरान में नेतृत्व परिवर्तन भविष्य के अमेरिका-ईरान संबंधों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसे संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी है जिन्हें वह "अच्छा नेता" मानते हैं।

एक साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने दिवंगत अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में खारिज करते हुए कहा, "खामेनेई का बेटा हल्का नेता है। मुझे नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होना होगा।"उन्होंने वेनेजुएला का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सत्ता परिवर्तन के बाद श्री डेल्सी रोड्रिगेज के नेतृत्व से अमेरिका को रणनीतिक लाभ मिला और वह ईरान में भी ऐसा ही परिणाम देखना चाहते हैं।

ईरान में सर्वोच्च नेता के चयन की संवैधानिक प्रक्रिया धार्मिक विद्वानों की संस्था 'विशेषज्ञों की सभा 'के माध्यम से होती है। यह नए नेता की नियुक्ति करती है।

इस बीच, श्री ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए एक समझौता करने की उम्मीद में संपर्क किया है। सीएनएन ने बताया कि ईरानी इंटेलिजेंस अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने पर बातचीत कर रही है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि कोई बातचीत नहीं चल रही है और निकट भविष्य में संभावित "बाहर निकलने का रास्ता" बनने की उम्मीद कम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित