तेहरान , जुलाई 12 -- ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति को लेकर आपस में बातचीत और परामर्श जारी रखने पर सहमत हुए हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस रणनीतिक जलमार्ग की स्थिति पर चर्चा करने के लिए शनिवार को ओमान पहुंचे थे। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने श्री अराघची की इस यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा, "ओमान और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर एक संयुक्त समझ तक पहुंचने के लिए राजनीतिक, कानूनी और तकनीकी स्तरों पर बातचीत जारी रखने के लिए सहमत हुए हैं।"इससे पहले, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने क्षेत्र में अमेरिकी हस्तक्षेप खत्म होने तक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की थी और कहा था कि इस मार्ग से किसी भी जहाज को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा कि होर्मुज का भविष्य का प्रबंधन ईरान और ओमान के बीच आपसी विचार-विमर्श से तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें हाल के महीनों के घटनाक्रमों और ईरान के खिलाफ अमेरिका तथा इजराइल की सैन्य कार्रवाइयों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित