वॉशिंगटन/तेहरान , मार्च 06 -- अमेरिका और इजरायल के साझा सैन्य अभियान के सातवें दिन तेहरान सहित ईरान के कई अन्य शहरों पर भीषण हवाई हमले जारी रहे।

इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि बमबारी का यह सिलसिला अब 'और तेज होने वाला है।'इस बढ़ते तनाव के बीच, ईरान ने भी इजरायल पर बड़ा जवाबी हमला किया है। 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (आईआरजीसी) के अनुसार, ईरान ने तेल अवीव के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी संख्या में यूएवी (ड्रोन) और 'खैबर' मिसाइलें दागी हैं। समाचार एजेंसी आईआरएनए ने आईआरजीसी के हवाले से बताया, "ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4 के तहत नये हमले शुरू हो गये हैं।"दूसरी ओर, इजरायली सेना ने तेहरान पर नए सिरे से 'बडे पैमाने पर हमलों' की घोषणा की है। अमेरिका ने पुष्टि की है कि उसके बी-2 स्टील्थ बॉम्बर विमानों ने दर्जनों शक्तिशाली 'पेनेट्रेटर' बमों का उपयोग कर जमीन के काफी नीचे छिपे बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को तबाह कर दिया है।

'अल जजीरा' की रिपोर्ट के अनुसार, रात भर तेहरान में हुए शक्तिशाली धमाकों ने रिहायशी इलाकों और तेहरान विश्वविद्यालय के पास के क्षेत्रों को दहला दिया। हमलों में एक ईरानी सैन्य अकादमी को भी निशाना बनाया गया।

पिछले दिनों की तुलना में ये हमले अधिक भीषण थे, खासकर शहर के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में। मिसाइल अड्डों के गढ़ 'करमानशाह' के साथ-साथ शिराज और इस्फ़ाहान में भी विस्फोटों की खबरें हैं। इजरायली सेना का दावा है कि उसके हमलों ने ईरान के अधिकांश हवाई रक्षा तंत्र और मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट कर दिया है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने बताया कि बी-2 बॉम्बर विमानों ने गहराई में स्थित मिसाइल लॉन्च स्थलों और ईरान के 'स्पेस कमान' पर हमला किया है, जिससे अमेरिकी सेना के लिए ईरान का खतरा कम हुआ है।

रक्षा मंत्री हेगसेथ ने और अधिक लड़ाकू स्क्वाड्रन, रक्षा प्रणालियों और बमवर्षकों की तैनाती के संकेत देते हुए हमले और तेज करने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित