तेहरान/वॉशिंगटन , मार्च 06 -- अमेरिका-इजरायल एवं ईरान के बीच युद्ध के सातवें दिन दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ठिकानों पर जम कर हमले किये।
इजरायल ने तेहरान में "ब्रॉड-स्केल वेव ऑफ स्ट्राइक्स" शुरू की है। सीएनएन और अलजजीरा के अनुसार, शहर में बड़े धमाके हुए हैं और मोटा काला धुआं उठ रहा है। इस हमले में एक व्यस्त शॉपिंग स्ट्रीट, रेजिमेंटल इंफ्रास्ट्रक्चर और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। तेहरान के निवासियों ने इसे 'सबसे खराब रात' बताया।
वहीं आईडीएफ ने दावा किया है कि उन्होंने श्री खामेनेई के पुराने बंकर को 50 फाइटर जेट्स से तबाह कर दिया है। इस बंकर का इस्तेमाल फिलहाल ईरानी नेतृत्व कर रहा है।
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मध्यस्थता की बात पर कहा कि यह सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए, जिन्होंने इस संघर्ष की आग भड़कायी है। श्री पेज़ेशकियान ने 'एक्स' पर जारी बयान में क्षेत्र में जारी संघर्ष और शांति वार्ता को लेकर ईरान का रुख स्पष्ट करते हुए कहा, "हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हम क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं, फिर भी अपने राष्ट्र की गरिमा और संप्रभुता की रक्षा करने में हमें कोई झिझक नहीं है।"रक्षा परिषद में ईरानी सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अली अकबर अहमदीन ने इराक के कुर्द अलगाववादी समूह को चेतावनी दी है कि अगर वे ईरान में प्रवेश करने का प्रयास करेंगे तो कुर्दिस्तान में उनकी सभी सुविधाओं को निशाना बनाया जायेगा। यह टिप्पणी उन खबरों के बीच की है, जिनमें कहा गया है कि अमेरिका ईरान-इराक सीमा के पास पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित कुर्द और ईरानी अलगाववादी समूहों का उपयोग उसके खिलाफ जमीनी हमले के लिए करना चाहता है।
यमन के हूती नेता अब्दुल मलिक अल-हूती ने कहा कि हम ईरान के साथ हैं। अगर ईरान को बचाने में उनकी जरूरत पड़ी तो समूह की उंगलियां हमेशा 'ट्रिगर पर' रहेंगी।
हूती नेता ने इजरायल पर हमला करते हुए कहा कि उसके सभी साथी 'बिना रोक-टोक या प्रतिबद्धता के देश के आजाद लोगों के खिलाफ खुली जंग छेड़ रहे हैं। 'दुश्मन' अपने विरोधियों की सूची बना रहा है। कुछ अरब देशों से आर्थिक मदद मांग रहा है और हथियार जमा कर रहा है।
अमेरिका और इजरायल ने सातवें दिन तेहरान सहित ईरान के कई अन्य शहरों पर भीषण हवाई हमले किये। इजरायली सेना ने बताया कि उसने तेहरान में ईरानी सरकार के बुनियादी ढांचों पर 'बड़े पैमाने' पर हवाई हमले शुरू कर दिये हैं।
इजरायली सैन्य प्रमुख इयाल ज़मीर ने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि शनिवार को शुरू हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त अभियान के बाद से इजरायली युद्धक विमान लगभग 2,500 हमले कर चुके हैं और 6,000 से अधिक बम गिराये जा चुके हैं।
इजरायल ने बेरूत में हिजबुल्ला के ठिकानों पर भी हवाई हमले किये, जिसमें कमांड सेंटर और 10 बहुमंजिला इमारतों को निशाना बनाया गया है।
इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के एक बयान के अनुसार, ये हमले बेरूत के उपनगरीय इलाके दाहियेह में किये गये। यहां हिजबुल्ला के एक कार्यकारी परिषद कमांड सेंटर और ड्रोन भंडारण सुविधा को नष्ट कर दिया गया, जिनका उपयोग इजरायल पर हमले करने के लिए किया जा रहा था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका-इजरायल ऐसे किसी उत्तराधिकारी को स्वीकार नहीं करेंगे, जो दिवंगत नेता अली खामेनेई की नीतियों को जारी रखे।
रिपोर्टों के अनुसार श्री ट्रंप ने कहा है कि ईरान में नेतृत्व परिवर्तन भविष्य के अमेरिका-ईरान संबंधों को तय करने में अहम भूमिका निभायेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसे संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी है, जिन्हें वह 'अच्छा नेता' मानते हैं।
एक साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने दिवंगत अयातुल्लाह खामेनेई के बेटे मोज्तबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में खारिज करते हुए कहा, "श्री खामेनेई का बेटा हल्का नेता है। मुझे नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होना होगा।"इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी चेतावनी दी है कि बमबारी का यह सिलसिला अब 'और तेज होने वाला है।'ईरान ने भी इजरायल पर बड़ा जवाबी हमला किया है। 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (आईआरजीसी) के अनुसार, ईरान ने तेल अवीव के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी संख्या में यूएवी (ड्रोन) और 'खैबर' मिसाइलें दागी हैं। समाचार एजेंसी आईआरएनए ने आईआरजीसी के हवाले से बताया, "ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4 के तहत नये हमले शुरू हो गये हैं।"कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी कि ईरानी हमले में अब तक कुवैत में कुवैत सशस्त्र बल के 67 सैनिक घायल हो गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित