वाशिंगटन/तेहरान , मार्च 10 -- अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान के नये सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बातों पर ध्यान दें और परमाणु हथियारों की राह छोड़ दें।
श्री हेगसेथ ने कहा, "ईरान के नये नेता के लिए यही बुद्धिमानी होगी कि वे हमारे राष्ट्रपति की बात मानें और सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करें कि वे परमाणु हथियार विकसित नहीं करेंगे।"रक्षा मंत्री ने खुलासा किया कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने रूसी प्रमुख व्लादिमीर पुतिन के साथ 'कठोर' बातचीत की है। उन्होंने रूस को चेतावनी दी कि वह ईरान के साथ इस युद्ध में शामिल न हो। श्री हेगसेथ ने उम्मीद जताई कि इस बातचीत से यूक्रेन युद्ध में शांति का अवसर बनेगा, लेकिन ईरान के मामले में रूस को दूर रहना चाहिए।
श्री हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ईरान के साथ युद्ध तब तक नहीं रोकेगा जब तक 'दुश्मन' निर्णायक रूप से हार नहीं जाता। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता अब "हताश और छटपटा" रहे हैं।
उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया कि वे जानबूझकर स्कूलों और अस्पतालों से मिसाइलें दाग रहे हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब एक ईरानी बालिका विद्यालय पर हुए हमले में कई बच्चों की मौत के बाद अमेरिका अंतरराष्ट्रीय जांच के घेरे में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित