वाशिंगटन/तेहरान , जून 29 -- अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि तकनीकी वार्ता के लिए मंगलवार को दोहा में बैठक कर सकते हैं, जो स्विट्जरलैंड में हुई उनकी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच दूसरी वार्ता होगी।

ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों के मंगलवार को कतर की राजधानी में मिलने की उम्मीद है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमनध्य में जहाजों के आवागमन की व्यवस्था और हालिया सैन्य झड़पों के बाद तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी पहले ऐसा ही एक दावा करते हुए ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है। यह कल दोहा में होगी!"स्विट्जरलैंड की वार्ता श्री ट्रम्प और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान द्वारा हस्ताक्षरित समझौते के तहत आयोजित की गयी थी। इस समझौते ने 60 दिनों की वार्ता अवधि तय की थी और महीनों के संघर्ष के बाद होर्मुज जलडमरूमनध्य को फिर से खोलने का आह्वान किया था।

ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार और उप विदेश मंत्री काज़ेम गरीबाबादी ने हालांकि इन रिपोर्टों का खंडन किया है। उन्होंने तर्क दिया कि इस सप्ताह के लिए तकनीकी कार्य समूह की कोई बैठक तय नहीं की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित