कुवैत सिटी , जून 03 -- ईरान ने बुधवार को मिसाइलों और ड्रोन के जरिये कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हमला किया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गयी और कम से कम 63 अन्य घायल हो गये।

कुवैत में भारतीय दूतावास ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि वह पीड़ित के परिवार की मदद के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल कर रहा है। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हवाई अड्डा के कर्मचारियों और यात्रियों सहित कम से कम 63 लोग घायल हुए। कुवैती अधिकारियों ने बताया कि हमले के दौरान हवाई अड्डा के बुनियादी ढांचे और पास की राजनयिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

इस घटना के बाद कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सात लोगों को आपातकालीन सर्जरी की आवश्यकता है। कुवैती समाचार एजेंसी कुना ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि हमले के कारण हवाई अड्डा के टर्मिनल एक को काफी नुकसान पहुंचा, जिसके कारण सभी उड़ान संचालन रोक दिए गये। बाद में सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद टर्मिनल 4 से सेवाएं फिर से शुरू की गईं। कुवैती सेना ने कहा कि उसने सुबह से अब तक 13 बैलिस्टिक मिसाइलों और 17 ड्रोन हमलों को रोका, हालांकि उनका मलबा कई रिहायशी इलाकों में गिरा। इन हमलों की पूरे क्षेत्र में तुरंत निंदा की गई। सऊदी अरब ने बुधवार को बहरीन और कुवैत पर ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून का "स्पष्ट उल्लंघन" बताया।

विदेश मंत्रालय ने बहरीन और कुवैत की संप्रभुता के खिलाफ ईराक के हमले निंदा करते हुए कहा कि ये हमले "अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन" हैं और इस क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने के उद्देश्य से किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को कमजोर करते हैं। इसने बहरीन और कुवैत के साथ अपनी एकजुटता और उनकी संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए उनके द्वारा उठाए जाने वाले किसी भी कदम के लिए पूर्ण समर्थन दोहराया। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति सलाहकार अनवर गर्गश ने खाड़ी देशों की ओर से एकजुट प्रतिक्रिया का आह्वान किया, और चेतावनी दी कि इन हमलों के व्यापक निहितार्थ हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "यह आक्रमण केवल एक देश को ही नहीं, बल्कि हम सभी को निशाना बनाता है।" लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने भी कुवैत और बहरीन में नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों की निंदा की। बहरीन में अधिकारियों ने तीन मिसाइलों और कई ड्रोनों को रोकने की सूचना दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित