मास्को , जनवरी 31 -- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन में ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी का स्वागत किया। यह एक अघोषित उच्च स्तरीय बैठक थी।
ईरान के शीर्ष नेता अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार लारीजानी को पिछले साल अगस्त में इस पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह ईरान के परमाणु केंद्रों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद मॉस्को आये थे।
क्रेमलिन ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, "राष्ट्राध्यक्ष ने क्रेमलिन में रूस की यात्रा पर आये ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी का स्वागत किया।"बयान में यह नहीं बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई।
रूस में ईरान के राजदूत काजेम जलाली ने बाद में बताया कि बैठक द्विपक्षीय संबंधों पर केंद्रित थी और इसमें 'महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर परामर्श' शामिल था।
यह यात्रा अमेरिका के इस महीने की शुरुआत में श्री लारीजानी पर लगाये गये प्रतिबंधों के बाद हुई है। उन पर दिसंबर के अंत से ईरान में फैले सरकार विरोधी प्रदर्शनों के 'हिंसक दमन' में कथित संलिप्तता का आरोप है।
ईरान ने आर्थिक शिकायतों के कारण शुरू हुई अशांति को विदेशी-समर्थित विद्रोह के रूप में पेश किया है। उसका आरोप है कि बाहरी एजेंटों ने दंगाइयों को हथियार दिए, ताकि राज्य को कठोर प्रतिक्रिया के लिए उकसाया जा सके और अमेरिकी हस्तक्षेप को उचित ठहराया जा सके। श्री पुतिन ने इस महीने की शुरुआत में अपने ईरानी समकक्ष मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत कर इस अशांति पर चर्चा की थी।
खबरों के अनुसार , विरोध प्रदर्शनों के चरम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ दंडात्मक हमलों का आदेश देने के काफी करीब पहुंच गये थे। हालांकि उन्होंने अंतिम निर्णय टाल दिया है, लेकिन उन्होंने ईरान पर परमाणु समझौते की नयी मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाने के लिए क्षेत्र में एक नौसैनिक बेड़ा भेजा है।
अमेरिकी सैन्य योजना सक्रिय है। मीडिया रिपोर्टों में प्रशासन के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि श्री ट्रंप ईरानी सुरक्षा बलों और परमाणु स्थलों पर हमलों से लेकर अधिकारियों को निशाना बनाने तक के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य सरकार विरोधी प्रदर्शनों को फिर से भड़काना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित