तेहरान , जुलाई 20 -- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के साथ बातचीत के दौरान अपने देश के अधिकारियों पर बने भारी दबाव की बात स्वीकारी है। उन्होंने बताया कि अमेरिका और इजरायल से मिलने वाली बार-बार की फौजी धमकियों के कारण ईरानी अधिकारियों के बीच हमेशा डर और अनिश्चितता का माहौल बना रहता था।
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर को दिए एक साक्षात्कार में श्री अराघची ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ के साथ हुई एक बातचीत को याद करते हुए कहा, "मैंने विटकॉफ से पूछा, क्या आप कभी किसी ऐसी बैठक में रहे हैं जहाँ किसी भी क्षण आपको लगता है कि पूरी बैठक पर बमबारी हो सकती है? क्या आप कभी फोन पर बात कर रहे हैं और आपको लगे कि आप विस्फोट में मारे जा सकते हैं या नष्ट हो सकते हैं? क्या आपने कभी फोन पर अपने परिवार का हालचाल लेते हुए सोचा है कि यह आखिरी बार हो सकता है?"ईरानी विदेश मंत्री ने दावा किया कि ईरान इस लगातार जारी डराने-धमकाने और दबाव के बावजूद अडिग रहा। उन्होंने कहा, "शून्य संवर्धन की अवैध और अनुचित मांग के जवाब में हमने विरोध किया और मजबूती से खड़े रहे। जब उन्होंने देखा कि वे वार्ता के माध्यम से वह हासिल नहीं कर सकते जो वे चाहते थे, तो उन्होंने युद्ध शुरू कर दिया।"श्री अराघची ने ईरान के रुख को और स्पष्ट करते हुए कहा, "आपको बात करनी होगी। आप हमें धमकी नहीं दे सकते, और आप हमें रिश्वत नहीं दे सकते।"श्री अराघची के अनुसार, अमेरिका ने परमाणु वार्ता को पुनर्जीवित करने के प्रयास में पिछले साल ईरान से संपर्क किया था और कूटनीति के माध्यम से बातचीत रुक-रुक कर जारी रही। उन्होंने दावा किया कि प्रमुख मुद्दों पर समझौता करने से ईरान के इनकार ने अंततः अमेरिका और इजरायल को सैन्य कार्रवाई की ओर धकेल दिया।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, "वे 12 दिनों के युद्ध में हार गए।" उन्होंने कहा कि सैन्य तनाव बढ़ाने की धमकियाँ ईरान के नेतृत्व को अपना रास्ता बदलने के लिए मजबूर करने में विफल रही हैं।
ईरानी राजनयिक ने इन दावों को भी खारिज कर दिया कि बढ़ते सैन्य दबाव से ईरान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया जा सकता है। वेनेजुएला के साथ तुलना करते हुए श्री अराघची ने तर्क दिया कि ईरान की शासन प्रणाली अलग तरह से बनी हुई है और इसे किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाकर नष्ट नहीं किया जा सकता। उन्होंने ईरान की राजनैतिक व्यवस्था को एक एकीकृत ढांचे के तहत काम करने वाले कई केंद्रों वाली प्रणाली बताया और कहा, "यह वेनेजुएला नहीं है जहाँ आप एक व्यक्ति को पकड़ते हैं और बाकी सब डर जाते हैं और पीछे हट जाते हैं।"ईरान के साथ पूर्ण पैमाने पर युद्ध सात जुलाई को फिर से शुरू हुआ, जैसा कि श्री ट्रंप ने कांग्रेस को भेजे एक पत्र में रेखांकित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित