बारां , अक्टूबर 07 -- राजस्थान में बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने आभूषण के शोरूम पर दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के आभूषण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से चोरी किये गये आभूषणों की बरामदगी तथा अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि 10 सितंबर को बारां के शीतला चौक स्थित जय भवानी ज्वेलर्स के संचालक सुनील घाड़गे की दुकान पर दो व्यक्ति सोने के टॉप्स और बालियां खरीदने के बहाने आये और मौका पाकर करीब 84.270 ग्राम सोने के आभूषण चोरी करके ले गये।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, हरियाणा, नयी दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में आरोपियों की तलाश की। लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस दल ने जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अकबर अली (34), यासर अली (55), मेहंदी हसन (54) और मोहम्मद (45) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, नई दिल्ली और आंध्रप्रदेश के विभिन्न शहरों में चश्मे एवं नगीनों की बिक्री के बहाने आभूषण प्रतिष्ठानों की रेकी करना और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित