रायपुर , मार्च 03 -- त्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आज सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अज्ञात प्रेषक द्वारा कार्यालय परिसर में एक दर्जन विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया है। मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर को एहतियातन घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा कारणों से आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से नियंत्रण रखा गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। ईमेल की तकनीकी पड़ताल शुरू कर दी गई है और साइबर सेल की सहायता से भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार मेल का लिंक तमिलनाडु से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित