नयी दिल्ली , दिसंबर 11 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले ने कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस-95) से जुड़े निजी क्षेत्र के कर्मचारियों की पेंशन बढ़ाने की मांग करते हुए गुरुवार को कहा कि सरकार इस संबंध में किया गया अपना वादा पूरा करे।
श्रीमती सुले ने शून्य काल में यह मामला उठाते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सेवायें देने वाले निजी क्षेत्र के इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों में से किसी को 200, 300, 500 या एक हजार रुपये पेंशन के रूप में मिलते हैं। इस नाम मात्र की राशि से उनका गुजारा नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने वादा किया था कि इन कर्मचारियों की पेंशन बढ़ायी जायेगी। वह सरकार से मांग करती हैं कि इन कर्मचारियों को नियमानुसार पेंशन देने की व्यवस्था तत्काल की जाये।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजकुमार चाहर ने राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में मरने वाले लोगों को समुचित मुआवजा दिये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि टोल कंपनियां टोल टैक्स और सरकार अन्य कर वाहन मालिकों से वसूलती है लेकिन राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में मरने वाले और घायल होने वाले यात्रियों को टोल टैक्स वसूलने वाले कंपनियां या सरकार कोई मुआवजा नहीं देती। उन्होंने मांग की या तो टोल कंपनियां या सरकार दुर्घटना के पीड़ितों को समुचित मुआवजा दें।
समाजवादी पार्टी (सपा) के नरेश चन्द्र उत्तम पटेल ने नारी वंदन अधिनियम को लागू करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार तत्काल महिलाओं के लिए लोक सभा और विधान सभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करे। पार्टी के वीरेन्द्र सिंह ने महानगरों में पूरे देश से आजीविका के लिए आने वाले कामगारों के लिए आवास की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे कामगार अपनी कमाई का दो तिहाई हिस्सा अपने रहवास पर ही खर्च कर देते हैं। उनकी इस समस्या पर तत्काल विचार किये जाने की आवश्यकता है।
कांग्रेस के उज्जवल रमन सिंह ने गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देशी गायें खत्म होती जा रही हैं। गाय देश गौरव हैं, इनके वध पर तत्काल रोक लगाने की मांग के साथ ही गायों की गरिमा और सम्मान को देखते हुए इन्हें राष्ट्र माता घोषित किया जाये।
कांग्रेस के धर्मवीर गांधी ने लुधियाना में डीजल लोकोमोटिव वर्क्स में वंदे भारत ट्रेन के डिब्बे और इंजन बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेंगे और इस इंजन कारखाने के विशाल परिसर का उपयोग किया जा सकेगा।
निर्दलीय उमेशभाई बाबूभाई पटेल ने पाकिस्तान की जेलों में बंद 206 भारतीय मछुआरों की तत्काल रिहाई की मांग की। उन्होंने इन मछुआरों को समुद्र में मछली पकड़ते हुए पाकिस्तान की एजेंसियों ने पकड़ लिये थे। उन्होंने कहा कि कई मछुआरे तो अपनी कैद की अवधि पूरी कर चुके हैं लेकिन उन्हें रिहा नहीं किया गया है। कई मछुआरे गंभीर रूप से बीमार हैं। वह सरकार से इन मछुआरों की तत्काल रिहाई के लिए कदम उठाने की मांग करते हैं।
उन्होंने जीपीएस से समुद्र की सीमा की पहचान कराने की मांग की, जिससे मछुआरों को सहूलियत हो सके और वे किसी अन्य देश की समुद्री सीमा में न जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित