कोंडागांव , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ के कोंडागांव में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ (खिदमत-ए-खल्क) और गुलशने सिबतेन वेलफेयर सोसाइटी कोंडागांव (जमात की खिदमत के लिए) के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को 'कलम का लंगर' अभियान चलाया गया।
अभियान के माध्यम से "एक रोटी कम खाओ, बच्चों को जरूर पढ़ाओ" और "पढ़ोगे तो बढ़ोगे" का संदेश देते हुए समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की तरक्की और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बच्चों का शिक्षित होना आवश्यक है। आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बनें, इसके लिए समाज को आगे आकर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ानी होगी और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज के नेतृत्व में संगठन सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के विभिन्न कार्य कर रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद और बस्तर संभाग अध्यक्ष हाजी मो. असलम मंसूरी भी संगठन की गतिविधियों में सक्रिय हैं। कोंडागांव जिले में मो. शकील सिद्दीकी जिला अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, गुलशने सिबतेन वेलफेयर सोसाइटी कोंडागांव के अध्यक्ष मो. इलियास के नेतृत्व में जमात एवं समाजसेवा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित