हरिद्वार, मार्च 22 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में ईद की नमाज के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में लक्सर पुलिस ने रविवार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मार्च को खेडी खूर्द निवासी रिजवान ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी ने उसके व उसके परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए रविवार को दबिश देकर वांछित आरोपी सचिन उर्फ आस मौ. पुत्र ताहिर निवासी खेडी कला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित