नयी दिल्ली , मई 31 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में भसीन इन्फोटेक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (बीआईआईपीएल) और ग्रांड वेनेज़िया कमर्शियल टावर्स प्राइवेट लिमिटेड (जीवीटीसीपीएल) के संस्थापक सतिंदर सिंह भसीन को दोनों कंपनियों से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया है।
ईडी ने रविवार को बताया कि भसीन को गाज़ियाबाद की एक विशेष धन शोधन अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उसे छह जून तक के लिए ईडी की हिरासत में रिमांड पर भेज दिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने सतिंदर भसीन, क्विंसी भसीन, बीआईआईपीएल, जीवीसीटीपीएल एवं अन्य के खिलाफ कथित जालसाज़ी, धोखाधड़ी एवं आपराधिक साजिश के मामले में कई प्राथमिकियां दर्ज की थीं, जिसके आधार पर ईडी ने धन शोधन अधिनियम के तहत अपनी जांच शुरू की।
प्राथमिकियों के अनुसार, आरोपी ने निवेशकों से रियल एस्टेट परियोजनाओं के नाम पर 93.23 करोड़ की वसूली इस वादे पर की कि वह उन्हें समय पर वाणिज्यिक इकाइयां उपलब्ध करवाएगा। भसीन पर आरोप है कि उसने कभी भी निवेशकों को ये रियल एस्टेट इकाइयां नहीं दीं।
ईडी ने कहा कि उसकी जांच में यह सामने आया है कि निवेशकों से जुटाई गयी रकम का इस्तेमाल परियोजनाओं के निर्माण और विकास के लिए करने के बजाय, ग्रुप कंपनियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं के एक नेटवर्क के ज़रिये कहीं और भेज दिया गया और उसका गबन कर लिया गया।
इससे पहले, ईडी ने पीएमएलए के प्रावधानों के तहत अप्रैल 2025 में दिल्ली, नोएडा और गोवा में आरोपी से जुड़े नौ ठिकानों पर तलाशी ली थी। अधिकारियों ने तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज़, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और लगभग 36 लाख रुपये नकद ज़ब्त किये।
एजेंसी ने पीएमएलए के तहत पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में सतिंदर सिंह भसीन की एक रिहायशी प्रॉपर्टी को भी अस्थायी तौर पर कुर्क कर लिया था। इस संपत्ति की मौजूदा कीमत 44.06 करोड़ रुपए आंकी गयी है। मामले में अग्रिम जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित