नयी दिल्ली , मई 26 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लगभग 258 करोड़ के नशीले पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मदुरै और चेन्नई में पांच जगहों पर छापेमारी की है।
यह नेटवर्क समुद्र के रास्ते श्रीलंका में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था।
ईडी के चेन्नई क्षेत्रीय कार्यालय ने बताया कि यह कार्रवाई डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) द्वारा जॉन ब्रिटो और अन्य के खिलाफ एनडीपीएस और कस्टम एक्ट के तहत दर्ज मामलों के आधार पर शुरू की गयी है। इस गिरोह पर करीब 108 करोड़ रुपये मूल्य की 99 किलोग्राम 'हाशिश' और लगभग 150 करोड़ रुपये कीमत की 37.5 किलोग्राम 'मेथमफेटामाइन' श्रीलंका भेजने का आरोप है।
डीआरआई ने भारतीय तटरक्षक बल से मिले इनपुट के बाद पांच मार्च 2024 को मन्नार की खाड़ी के गहरे समुद्र में एक मछली पकड़ने वाली नाव से 99 किलो हाशिश जब्त की थी। जांच में सामने आया कि रामिश, जानसन और प्रताप नाम के तीन आरोपी जॉन ब्रिटो के इशारे पर इसे श्रीलंका ले जा रहे थे।
इसके अलावा, एक मार्च 2024 को डीआरआई ने मदुरै रेलवे स्टेशन से जॉन ब्रिटो के साथी फिलोमेन प्रकाश को 37.645 किलोग्राम मेथमफेटामाइन के साथ पकड़ा था, जिसे श्रीलंका तस्करी करने की तैयारी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित