नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने जानबूझकर हवाला कारोबार और गैर-कानूनी तरीकों से कमायी गयी धनराशि में शामिल लोगों और कंपनियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है।

ईडी ने सोमवार को बताया कि जिन लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है, उनमें पृथ्वी एन राज, के सी थिप्पेस्वामी, फोनपैसा पेमेंट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, गुलशन खट्टर, पपीज़ टूर्स एंड ट्रैवल्स एलएलपी, अर्जुन नागभूषण, अभिजीत सज्जन और लॉजिकफोर्ज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। यह मामला गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग और जुए की गतिविधियों से जुड़ा है, जिसमें के सी वीरेंद्र को मुख्य आरोपी बनाया गया है।

ईडी ने कई राज्यों में अलग-अलग पुलिस अधिकारियों द्वारा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) 1860 की अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की। ये प्राथमिकी गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट, जैसे किंग567, प्ले567, प्लेविन567,गेमेक्स , और दूसरे जुड़े हुए प्लेटफॉर्म के ज़रिए आम जनता से धोखाधड़ी, नकल और ज़बरदस्ती वसूली से जुड़ी हैं।

बाद में पता चला कि अलग-अलग भुगतान के माध्यम, म्यूल अकाउंट, विदेशी एंटिटी और वर्चुअल डिजिटल एसेट्स के ज़रिए राशि भेजी गयी। इसके साथ ही बाहर पैसे भी भेजे गए। इससे पहले,धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के नियमों के तहत कर्नाटक और दूसरे राज्यों में 60 से ज़्यादा जगहों पर तलाशी अभियान चलाये गये, जिससे बड़ी मात्रा में नगदी, सोने की ईंटें, सोने और चांदी की ज्वेलरी, गाड़ियां, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज ज़ब्त किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित