नयी दिल्ली , मार्च 03 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कोलकाता ने हाल ही में ओडिशा के बरहामपुर, सहारा प्राइम सिटी लिमिटेड की ज़मीन के एक हिस्से की बिक्री के सिलसिले में अनंतपुर (आंध्र प्रदेश), बल्लारी (कर्नाटक), भुवनेश्वर और बरहामपुर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

कोलकाता के क्षेत्रीय कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि 'हमारा इंडिया और अन्य' के मामले में चल रही जांच के तहत यह तलाशी ली गई। एक अधिकारी ने बताया कि धनशोधन अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत कई लोगों के बयान दर्ज किये गये हैं।

तलाशी के दौरान, यह पता चला कि बरहामपुर में लगभग 32 एकड़ (कुल 43 एकड़ में से) ज़मीन दिसंबर 2025 में एक सहारा कर्मचारी के पक्ष में रद्द किए गए बोर्ड प्रस्ताव के आधार पर और उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइंस का उल्लंघन करके धोखे से बेची गई थी। कहा जाता है कि यह बिक्री सहारा ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधन के कहने पर की गई थी। बिक्री की बताई गई कीमत और ज़मीन की अनुमानित बाजार कीमत में भी अंतर देखा गया।

उन्होंने कहा कि संचार ,संपर्क विवरण और कॉल रिकॉर्ड जैसे डिजिटल सबूत बरामद किए गए और उन्हें ज़ब्त कर लिया गया। संबंधित कंपनियों के वित्तीय और खातों रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज भी जांच के लिए ज़ब्त कर लिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित