मुंबई, 01अक्टूबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), मुंबई ज़ोन ने बाबा जी दाते महिला सहकारी बैंक में 242 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में यवतमाल ज़िले में नौ जगहों पर तलाशी ली।

ईडी के सूत्रों के मुताबिक यह तलाशी 'धनशोधन निवारण अधिनियम' (पीएमएलए) के नियमों के तहत ली गयी।

यह मामला यवतमाल के अवधूतवाड़ी पुलिस स्टेशन में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और ऋण लेने वालों के खिलाफ ऋण देने में कथित गड़बड़ियों को लेकर दर्ज कई प्राथमिकी के बाद सामने आया है।

महाराष्ट्र सरकार के आदेश पर हुए एक विशेष ऑडिट में बैंक के तत्कालीन सीईओ, अध्यक्ष , निदेशकों और अन्य अधिकारियों द्वारा मंज़ूर किये गये ऋण में कथित गड़बड़ियों का पता चला था।

ईडी के अनुसार बैंक अधिकारियों ने कथित तौर पर कर्ज लेने वालों, मूल्यांकनकर्ता और लेखा परीक्षकों के साथ मिलकर बिना पर्याप्त सुरक्षा और बिना कर्ज लेने वालों की ऋण चुकाने की क्षमता का सही आकलन के बिना ऋण मंज़ूर किये।

एजेंसी का आरोप है कि ये ऋण बैंक के नियमों, ऋण नीति और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करके मंज़ूर किये गये थे।

ईडी के अनुसार जांच में यह भी पता चला कि ऋण के पैसे का कथित तौर पर निजी इस्तेमाल किया गया, साथ ही बड़ी मात्रा में नकदी निकाली गयी और उसका इस्तेमाल पुराने ऋण को चुकाकर नया ऋण लेने के लिए किया गया।

एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि इस रकम का कुछ हिस्सा कमीशन या रिश्वत के तौर पर बैंक अधिकारियों के खातों में भेजा गया। आरबीआई ने 2022 में बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया था।

ईडी ने कहा कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और रिकॉर्डों की जांच चल रही है और आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित