नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता कार्यालय ने एसेट डिस्पोजल कमेटी (एडीसी) के साथ मिलकर रोज वैली ग्रुप घोटाले के पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हुए 1,73,350 पीड़ितों को 127.69 करोड़ रुपये जारी किये हैं।

रोज वैली ग्रुप ने पश्चिम बंगाल, असम, ओडिशा और अन्य राज्यों के निवेशकों से अधिक मुनाफे का वादा करके धोखाधड़ी से लगभग 17,520 करोड़ रुपये जुटाये थे, जिसमें से 6,666 करोड़ रुपये निवेशकों को अभी भी नहीं लौटाये गये हैं।

ईडी ने 2014 में जांच शुरू होने के बाद से रोज वैली ग्रुप की संपत्तियों का पता लगाने, उन्हें जब्त करने, कुर्क करने और सुरक्षित रखने के लिए कदम उठाये हैं। ईडी ने अब तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और त्रिपुरा सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 1,568 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क या जब्त किया है, जिसका मकसद प्रभावित पीड़ितों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित