नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम कार्यालय ने जेम रिकॉर्ड्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक और मुख्य नियंत्रक इंदरजीत सिंह यादव और अन्य से जुड़े एक मामले में 90.04 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की है।

ईडी के मुताबिक जब्त की गई संपत्ति में इंदरजीत सिंह यादव और उसकी पत्नी रीना कुमारी के मालिकाना हक वाले कई प्लॉट/जमीन और आवासीय के साथ-साथ वाणिज्यिक संपत्ति भी शामिल हैं।

ईडी ने इंदरजीत सिंह यादव और उनके साथियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज 15 से अधिक प्राथमिकी और दाखिल किये गये आरोपपत्र के आधार पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की है।

प्राथमिकी के मुताबिक जेम रिकॉर्ड्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ('जेम्स ट्यून्स' के नाम से काम करने वाली) का मालिक और मुख्य नियंत्रक इंद्रजीत सिंह यादव एक दबंग व्यक्ति हैं, जो हत्या, जबरन वसूली, निजी वित्तदाताओं से दिये गये कर्ज की जबरदस्ती वसूली, धोखाधड़ी, गैर-कानूनी जमीन हड़पने और हिंसक अपराधों जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज कई मामलों में उनकी तलाश है और वह अभी फरार हैं और यूएई से काम कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित