नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में अनी बुलियन ट्रेडर्स समूह की 7.30 करोड़ रुपये मूल्य की तीन अचल और एक चल संपत्ति कुर्क की।

ईडी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने गुरुवार को बताया कि अचल संपत्तियों में अनी समूह की कंपनियों में से एक, यानी अनी बुलियन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की जमीन और इमारतें शामिल हैं, जो लखनऊ, दिल्ली और उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्थित हैं। चल संपत्ति एक फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में है।

ईडी ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अजीत कुमार गुप्ता और कई अन्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ कथित तौर पर 110 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी के लिए दर्ज की गई विभिन्न प्राथमिकियों और शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की थी। आरोपियों ने कथित तौर पर आम जनता को उनकी निवेश की गई रकम हड़पने के इरादे से विभिन्न धोखाधड़ी वाली योजनाओं में निवेश करने के लिए लुभाया था।

ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि निवेशकों से एकत्र किए गए पैसे को अजीत कुमार गुप्ता के नियंत्रण में अनी समूह की विभिन्न कंपनियों और 'मैसर्स आई विजन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी' के माध्यम से घुमाया गया। इस धन का इस्तेमाल कथित तौर पर समूह की कंपनियों में से एक अनी बुलियन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर विभिन्न संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित