नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी से जुड़े धन शोधन मामले में 2.18 करोड़ रुपये मूल्य की चार अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। यह संपत्तियां सोल हेल्थकेयर (आई) प्राइवेट लिमिटेड, एस्टर फार्मा के अखिल जय सिंह, एमपी ट्रेडर्स के अंकित कुमार और कनिक्स फार्मा के एलेक्स पालिवाल से संबंधित हैं।

ईडी ने बुधवार को बताया कि कुर्क की गयी संपत्तियों में वाणिज्यिक एवं आवासीय भूखंड शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 2.18 करोड़ रुपये है। इसके अलावा संतोष तिवारी के नाम 1.20 लाख रुपये की बैंक जमा राशि के रूप में एक चल संपत्ति भी जब्त की गयी है।

ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी, जिसमें ड्रग तस्करों से ट्रामाडोल आधारित गोलियां तथा ड्रग बेचकर हासिल की गयी नकदी बरामद की गयी थी।

जांच में सामने आया कि श्री श्याम मेडिकल एजेंसी, एमपी ट्रेडर्स और कनिक्स फार्मा जैसे मध्यस्थ बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां फार्मास्यूटिकल कंपनियों से प्राप्त कर रहे थे और उन्हें बिना बिल, प्रिस्क्रिप्शन या स्टॉक रजिस्टर के नकद बिक्री के जरिए ड्रग तस्करों तक पहुंचाया जा रहा था।

ईडी के अनुसार, ट्रामाडोल आधारित गोलियां बनाने वाली सोल हेल्थकेयर (आई) प्राइवेट लिमिटेड और वितरक एस्टर फार्मा अवैध बिक्री में संलिप्त पाए गये। वितरक गोलियों को कूरियर सेवाओं के माध्यम से मध्यस्थों तक भेजते थे, जहां से उन्हें आगे ड्रग तस्करों को बेचा जाता था। इन लेनदेन से प्राप्त नकद राशि को बराबर की चालान राशि के रूप में बैंक खातों में जमा कराया जाता था, जबकि अतिरिक्त रकम व्यक्तिगत रूप से नकद दी जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित