भिवानी , मई 28 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की जिला कमेटी ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य पिनाराई विजयान के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी जिला सचिव कामरेड ओम प्रकाश, अनिल कुमार और सुखदेव पालवास ने किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश ने कहा कि ईडी की कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर रही है।
उन्होंने कहा कि अदालत पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पिनराई विजयन का एक्सालॉजिक मामले से कोई सीधा संबंध नहीं है, इसके बावजूद लगातार उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास है।
माकपा नेताओं ने कहा कि पार्टी जांच प्रक्रिया में बाधा डालने के पक्ष में नहीं है, लेकिन राजनीतिक उद्देश्यों से एजेंसियों के दुरुपयोग का विरोध जारी रहेगा। पार्टी ने चेतावनी दी कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयों के विरोध में देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस पर भी भाजपा के साथ मिलकर विपक्ष को कमजोर करने की राजनीति करने का आरोप लगाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित