चम्पावत , जुलाई 05 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को टनकपुर के बूमघाट में 'ईट राइट स्कूल' अभियान का शुभारंभ किया। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के 'ईट राइट इंडिया' अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों में सुरक्षित भोजन, पोषण, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत चम्पावत जिले के सभी 645 राजकीय विद्यालयों को शामिल किया जाएगा। कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, लेबल और एक्सपायरी डेट जांचने की जानकारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

विद्यालयों का मूल्यांकन एफएसएसएआई के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा और निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले स्कूलों को 'ईट राइट स्कूल' का प्रमाणन मिलेगा। अभियान में 'सही भोजन, बेहतर जीवन' और 'कम तेल, कम चीनी, कम नमक' जैसे संदेशों को पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, कार्यशाला, प्रभात फेरी और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों तक पहुंचाया जाएगा।

बच्चों को स्थानीय मोटे अनाज, मौसमी फल-सब्जियां और पौष्टिक खाद्य पदार्थ अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं कोल्ड ड्रिंक्स की जगह पानी, नारियल पानी, लस्सी और नींबू पानी जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय लेने पर भी जोर दिया जाएगा। स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की व्यवस्था, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी मानकों को भी सुनिश्चित किया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत ने बताया कि अभियान के तहत चयनित विद्यालयों के शिक्षकों का प्रशिक्षण 10 जुलाई को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चम्पावत में आयोजित किया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, कुमाऊं मंडल के उपायुक्त खाद्य संरक्षा आर.एस. कठायत, सहायक आयुक्त संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी सहित शिक्षा एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित