ईटानगर , अप्रैल 18 -- अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की पुलिस ने यहां ए-सेक्टर में छापेमारी के दौरान एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से लगभग 23.34 ग्राम संदिग्ध हेरोइन, सिरिंज के साथ बरामद की है।

पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर महिला को पकड़ा है। आरोपी की पहचान यटर न्योना के रूप में हुई है। ईटानगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि अभी जांच चल रही है, और नशीले पदार्थ नेटवर्क में उसके संभावित लिंक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

यह अभियान इटानगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक टी नेगा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने किया। इस दौरान स्वतंत्र गवाह और कार्यकारी मजिस्ट्रेट तामो दादा भी मौजूद थे।

इस बीच पुलिस अधीक्षक ने लोगों से पुलिस के साथ भरोसेमंद जानकारी साझा करने की अपील की और कानून अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी। उन्होंने दोहराया कि ड्रग ट्रैफिकिंग और नशे के सेवन में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित