ईटानगर , जून 04 -- ईटानगर राजधानी क्षेत्र (आईसीआर) जिला प्रशासन ने गुरुवार को ईटानगर के सी-सेक्टर, गंगा और गोहपुर में स्थित तीन जामा मस्जिदों को बगैर जरूरी कानूनी मंजूरी लिए संचालित करने के आरोप में सील कर दिया।

आईसीआर के उपायुक्त टोको बाबू ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई अरुणाचल प्रदेश स्वदेशी युवा संगठन (एपीआईवाईओ) द्वारा 13 जनवरी, 2026 को सौंपे गए एक ज्ञापन के बाद शुरू की गई जांच प्रक्रिया के बाद की गई। संगठन ने आरोप लगाया था कि राजधानी क्षेत्र में कई मस्जिदें अधिकारियों से बगैर जरूरी अनुमति लिये संचालित की जा रही हैं।

उपायुक्त ने गृह विभाग के प्रधान सचिव को सौंपी गई एक रिपोर्ट में बताया कि शिकायत के बाद प्रशासन ने एक जांच प्रक्रिया शुरू की और चिन्हित संस्थानों की प्रबंधन समितियों और धार्मिक पदाधिकारियों को संस्थानों के पंजीकरण, जमीन के मालिकाना हक के रिकॉर्ड, भवन निर्माण की अनुमति और कानूनी रूप से स्थापना और संचालन के लिए जरूरी अन्य कानूनी मंजूरी से संबंधित कागजात पेश करने का निर्देश दिया।

ईटानगर के सहायक आयुक्त तामो दादा ने इसके बाद 30 जनवरी को एक आदेश जारी कर संबंधित मस्जिदों के अधिकारियों को एक तय समय-सीमा के भीतर सभी प्रासंगिक कागजात जमा करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने बताया कि संस्थान कानूनी और नियामक आवश्यकताओं के अनुपालन को दर्शाने वाले संतोषजनक रिकॉर्ड जमा करने में विफल रहे।

प्रशासन ने जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछली 28 मई को एक नोटिस जारी कर संबंधित मस्जिदों को सक्षम प्राधिकारी से पंजीकरण प्राप्त करने, भवन निर्माण की अनुमति और अनुपालन होने तक सभी चल रहे निर्माण और धार्मिक गतिविधियों को तुरंत निलंबित करने का निर्देश दिया है। नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्देशों का पालन न करने पर अन्य कोई नोटिस दिए बगैर संस्थानों को सील कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित