ईटानगर , मई 29 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को ईटानगर स्थित सिविल सचिवालय में नये राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी)-सह-राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) कार्यालय भवन की आधारशिला रखी।
इस मौके पर विधायक तेची कासो, नाकाप नालो और रोडे बुई उपस्थिति थे।
मुख्यमंत्री खांडू ने इस परियोजना को राज्य के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा आपदा तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को काफी बढ़ायेगी।
एसईओसी-सह-एसडीएमए भवन में आपदाओं और आपातकालीन स्थितियों के दौरान समन्वित एवं कुशल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए एक ही छत के नीचे उन्नत नियंत्रण कक्ष, आधुनिक संचार प्रणालियां, सम्मेलन कक्ष और आपातकालीन परिचालन बुनियादी ढांचा मौजूद होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था पूरे राज्य में रियल-टाइम समन्वय, निर्णय लेने की प्रक्रिया और आपदा प्रतिक्रिया प्रबंधन में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित