बीजापुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले स्थित ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम में मंगलवार को भीषण अग्निकांड के बाद राज्य शासन ने वन विभाग में प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए बुधवार को वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) रमेश कुमार जांगड़े का तबादला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम में अचानक आग लग गई थी, जिससे गोदाम में संग्रहित लगभग 25 हजार तेंदूपत्ता बोरियां और पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया। इस घटना में शासन को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे बस्तर संभाग के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) आलोक तिवारी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही थी।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव द्वारा जारी आदेश में तत्कालीन बीजापुर डीएफओ जांगड़े को वन उप संरक्षक, कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर में पदस्थ किया गया है।

वहीं शासन ने जाधव सागर रामचंद्र को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से बीजापुर वन विभाग सामान्य के डीएफओ पद का प्रभार सौंपा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित