चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से शुरू की गयी नयी 'ईज़ी कनेक्ट' हवाई सेवा का स्वागत करते हुए इसे पंजाब और दुनिया भर में बसे एनआरआई समुदाय के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू का आभार व्यक्त किया।

श्री ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार के हब एंड स्पोक मॉडल के तहत एयर इंडिया द्वारा शुरू की गयी यह सेवा अमृतसर से दिल्ली के माध्यम से कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया सहित 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक निर्बाध हवाई संपर्क उपलब्ध कराएगी। इससे यात्रियों को दिल्ली में बार-बार औपचारिकताएं पूरी करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अब यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही इमिग्रेशन और चेक-इन की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें न तो टर्मिनल बदलना होगा और न ही सामान की दोबारा जांच (री-चेक) करवानी पड़ेगी, जिससे यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विदेशों में रहने वाले लाखों पंजाबी अपने परिवारों और मातृभूमि से गहरा जुड़ाव रखते हैं तथा अक्सर पंजाब आते-जाते रहते हैं। अब वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से इस नई सुविधा का लाभ मिलेगा।

श्री ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पंजाब और पंजाबियों के हित में फैसले ले रही है। उन्होंने दावा किया कि यह नयी हवाई सेवा न केवल एनआरआई यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि पंजाब में पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित