कुशीनगर , अक्टूबर 2 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले की नगर पंचायत फाजिलनगर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अमित सिंह की तैनाती और क्षेत्र में संचालित मैरिज हाउसों को लेकर मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता शेषनाथ जायसवाल ने मुख्यमंत्री को शपथ पत्र भेजकर ईओ की तैनाती अवधि तथा मैरिज हाउसों के संचालन से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत में उत्तर प्रदेश शासन की वार्षिक स्थानांतरण नीति का हवाला देते हुए कहा गया है कि निर्धारित अवधि से अधिक समय तक एक ही जिले में तैनाती की स्थिति में स्थानांतरण नीति के प्रावधानों का अनुपालन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जाए। शिकायतकर्ता का दावा है कि ईओ अमित सिंह मई 2023 से कुशीनगर जिले में तैनात हैं। उन्होंने ईओ की वर्तमान और पूर्व तैनाती से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।

शपथ पत्र में फाजिलनगर क्षेत्र में संचालित कुछ मैरिज हाउसों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ प्रतिष्ठान आवश्यक मानकों और अनापत्ति प्रमाण पत्रों के बिना संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालन में नगर पंचायत तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मैरिज हाउसों के स्वीकृत मानकों, अनापत्ति प्रमाण पत्रों तथा संबंधित अभिलेखों की जांच कराने का भी अनुरोध किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित