श्रीनगर , सितंबर 15 -- जम्मू-कश्मीर में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने शोपियां में एचडीएफसी बैंक की एक शाखा में कथित वित्तीय अनियमितताओं की समयबद्ध जांच कर बैंक के 13 जमाकर्ताओं को लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये का रिफंड दिलाने में मदद की है।
यह मामला शोपियां में एचडीएफसी बैंक शाखा में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 2025 में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। इस मामले को बाद में विस्तृत जांच के लिए पुलिस मुख्यालय , जम्म-कश्मीर के निर्देश पर इस मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया गया था।
अपराध शाखा ने जांच के दौरान पांच मुख्य आरोपियों की पहचान की जिनमें शोपियां और पुलवामा में तैनात बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक और कर्मचारी शामिल थे। इन पांचों को 18 फरवरी, 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
ईओडब्ल्यू ने जांच पूरी होने के बाद मई 2026 में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, शोपियां की अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। बैंक ने कथित धोखाधड़ी से प्रभावित 13 जमाकर्ताओं को लगभग 4.50 करोड़ रुपये वापस किए, जिससे पीड़ितों को बहुत ज़रूरी राहत मिली। सक्षम अदालत में आपराधिक कार्यवाही जारी है।
ईओडब्ल्यू कश्मीर ने कहा कि वह मामले को तार्किक निष्कर्ष तक ले जाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्ती से कार्रवाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित