नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- रोजगार एवं श्रम मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में देशभर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 17 चिकित्सा महाविद्यालय चल रहे हैं और इन संस्थानों के माध्यम से उसने देश को 4,961 डॉक्टर दिये हैं।
मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार ईएसआईसी के चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रम के अंतर्गत एमबीबीएस की 1,550 सीटें तथा स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम के तहत एमडी/एमएस की 559 सीटें, डीएनबी (डिप्लोमा ऑफ नेशनल बोर्ड) की 182 सीटें, डॉएनबी (डॉक्टरेट ऑफ नेशनल बोर्ड) की 17 सीटें, डीएम/एम.केम की 31 सीटें और पीएचडी की 10 सीटें उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त, 3 राज्य संचालित मेडिकल कॉलेज भी हैं, जिनमें एमबीबीएस की 330 और सीटें हैं। इसी तरह ईएसआईसी के दो डेंटल कॉलेजों में 124 सीटें, 2 नर्सिंग कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की 120 सीटें और 3 पैरामेडिकल कॉलेजों में 292 सीटें उपलब्ध हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि ईएसआईसी अभी कुछ और चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने वाला है जो देश में चिकित्सा विज्ञान की पढ़ाई के लिए पांच साल में 75,000 नयी सीटें सृजित करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य में योगदान करेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार ईएसआईसी संचालित चिकित्सा संस्थानों में (बीमित व्यक्ति (श्रमिक) के आश्रितों) के लिए कोटा के तहत लगभग 880 सीटें आरक्षित हैं। इनमें लगभग 700 सीटें एमबीबीएस की और शेष सीटें बीडीएस और बीएससी नर्सिंग तथा पैरामेडिकल/एलाइड हेल्थ साइंसेज पाठ्यक्रमों के लिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित