जयपुर , सितंबर 27 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को सम्पन्न ईएनटी सम्मेलन में कान, नाक एवं गला (ईएनटी), हेड एंड नेक सर्जरी, कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), आधुनिक सर्जिकल तकनीकों, चिकित्सा विधिक विषयों, शोध, हैकाथॉन और चिकित्सकों के मानसिक संतुलन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चर्चा की।
इंडियन एकेडेमी ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी और हेड-नेक सर्जरी (आईएओएचएनएस 2026) की 12वीं कॉन्फ्रेंस का समापन रविवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में हुआ। एसएमएस अस्पताल के कान, नाक, गला रोग विभाग के वरिष्ठ आचार्य और कॉन्फ्रेंस के साइंटिफिक चेयरमैन डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि सम्मेलन के तकनीकी सत्र में एआई से चिकित्सकीय चित्रों के विश्लेषण और बुद्धिमान निर्णय सहायता विषय पर मुख्य व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें बीआईटीएस पिलानी के प्रोफेसर अविनाश गौतम ने व्याख्यान दिया। सत्र में डॉ. विक्रांत माथुर और डॉ. कुलदीप राणा भी शामिल हुए। समग्र सिर और गर्दन पुनर्निर्माण विषय पर डॉ. नेइजेखोतुओ ब्रायन शुन्यु, प्रमुख, एम्स गुवाहाटी ने व्याख्यान दिया।
थीम व्याख्यान में "एक ही चरण, अलग कहानी: क्या प्राचीन स्वास्थ्य कोड आधुनिक परिणामों में अंतर को समझा सकते हैं, विषय पर डॉ. मिताली मुखर्जी, प्रोफेसर, आईआईटी जोधपुर ने चर्चा की। इस सत्र में डॉ अविनाश गौतम भी शामिल हुए।
कॉन्फ्रेंस के चिकित्सा विधिक (मेडिकोलीगल) संगोष्ठी में वोटिंग पैड के साथ क्विज, सहमति, कौन, क्यों, कब और कैसे, मेडिकल रिकॉर्ड्स, "ऐसी बातें जिन्हें डॉक्टर सीखने से इनकार करते हैं" और "क्षतिपूर्ति बीमा : मित्र या शत्रु" जैसे विषयों पर चर्चा और सवाल-जवाब आयोजित किये गये। इस सत्र में डॉ. नीरज नागपाल ने सभी विषयों पर अपना व्याख्यान दिया।
क्विज सत्र में डॉ. राजेंद्र दिनेश ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई, जबकि डॉ. पंकज गर्ग और डॉ. दीपक के. सांगवान ने समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
डॉ. सिंघल ने बताया कि इनोक्वेस्ट और हैकाथॉन में इनोक्वेस्ट प्रस्तुतियों और हैकाथॉन पिचिंग का आयोजन किया गया। इसमें आठ समूहों ने ऑपरेशन थिएटर में जरूरत के अनुसार बदली जा सकने वाली केबल व्यवस्था से जुड़े बदलते तकनीकी समाधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समावेश के साथ तैयार किए गए मॉडल प्रस्तुत किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित