वाशिंगटन , मार्च 13 -- पश्चिमी इराक में अमेरिकी सेना का ईंधन भरने वाला सैन्य विमान केसी-135 दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी सेना ने पुष्टि की है कि इराक में अमेरिकी सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अमेरिकी सेना के अनुसार यह विमान दुश्मन की गोलीबारी या अपनी ही सेना की गोलीबारी के कारण दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुआ है। अमेरिका के केंद्रीय कमान ने बताया कि पश्चिमी इराक में बचाव कार्य जारी हैं। अमेरिकी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस अभियान में एक और विमान शामिल था, जो सुरक्षित रूप से उतर गया। अमेरिकी सेना ने कहा, "हमें नहीं पता कि केसी-135 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की क्या वजह है, लेकिन एक संभावना यह है कि यह हवा में हुई टक्कर के कारण गिर गया।"गौरतलब है कि ईंधन भरने वाले केसी-135 विमान युद्ध के दौरान जब लड़ाकू विमानों और बमवर्षकों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, तो उन्हें युद्ध के लिए पूरी तरह से ईंधन से भरते हैं। यह एक बहुत बड़ा लॉजिस्टिकल ऑपरेशन है, जिसमें एक ही समय में कई जेट हवा में होते हैं और हर किसी को ईंधन की ज़रूरत होती है। रीफ्यूलिंग में टैंकर के बहुत करीब उड़ना शामिल होता है, जिसके बाद टैंकर से एक प्रोब बाहर निकाला जाता है और नीचे किया जाता है।
ईंधन लेने वाला विमान का पायलट प्रोब तक उड़कर जाता है और टैंकर के नीचे लगी लाइटों की एक प्रणाली का उपयोग करके खुद को इस तरह से री-पोज़िशन करता है कि प्रोब सचमुच जेट में प्लग इन हो सके। एक बार संपर्क स्थापित हो जाने पर ईंधन स्थानांतरित किया जाता है। इस दौरान विमान बड़े टैंकर से कुछ ही फीट की दूरी पर होता है और ये अभियान अक्सर रात में होते हैं।
पायलट के लिए प्रोब या कुछ मामलों में शटलकॉक के आकार के ड्रोग के साथ संपर्क बनाए रखने के लिए काफी कौशल की आवश्यकता होती है, खासकर ऐसे माहौल में जहाँ आस-पास कई अन्य विमान भी हो सकते हैं। इसके साथ ही रीफ्यूलिंग मिशन के दौरान दुश्मन की नज़र से बचने के लिए विमानों की लाइटें पूरी तरह से बंद हो सकती हैं।
अमेरिका के केंद्रीय कमान ने कहा कि यह घटना इराक में घटित हुई है, लेकिन यह नहीं पता कि यह पड़ोसी देश ईरान से कितनी दूरी पर हुई है।
केसी -135 में आमतौर पर तीन लोगों का चालक दल होता है, जिसमें एक पायलट, एक सह पायलट और एक बूम ऑपरेटर शामिल होते हैं।
अमेरिका की वायु सेना के अनुसार एयर मोबिलिटी कमान के बेड़े में लगभग 400 टैंकर विमान शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित