मुंबई , मार्च 27 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जनता को आश्वस्त किया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और सरकार की किसी भी तरह का लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि श्री फडणवीस को आम लोगों को यह आश्वासन उस समय देना पड़ रहा है जब देश में ईंधन की कमी की अफवाहें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें झूठे दावे किए जा रहे हैं कि कोविड जैसा लॉकडाउन जल्द ही लगने वाला है।

उन्होंने यह भी चेतावनी जारी की है कि ऐसी झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। श्री फडणवीस ने कहा कि जानबूझकर झूठे संदेश फैलाने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे। ऐसे संदेश बनाना ही नहीं बल्कि उन्हें फैलाना भी अपराध माना जाएगा।

हालांकि पड़ोसी देशों में स्थिति कठिन बनी हुई है लेकिन भारत ने अगले महीने तक के लिए पर्याप्त घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का भंडार सुरक्षित कर लिया है। इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक कतारों में इंतजार नहीं करना चाहिए।

यह सुनिश्चित करने के लिए कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों का बोझ आम आदमी पर न पड़े, सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये की कटौती करने का निर्णय लिया है। इसके परिणामस्वरूप पेट्रोल पर शुल्क सीधे 13 से घटाकर 3 कर दिया गया है, जबकि डीजल पर शुल्क घटाकर शून्य कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित